मुंबई, 26 अक्टूबर । मुंबई में सोमवार सुबह कांजुरमार्ग-विक्रोली और मुलुंड-भांडुप स्टेशनों के बीच सिग्नल प्रणाली में अचानक खराबी आने से मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गईं। इसके चलते कई लोकल ट्रेनें एक के पीछे एक खड़ी हो गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेनों के लंबे समय तक रुके रहने के कारण कुछ यात्री रेलवे ट्रैक पर उतरकर पैदल चलते नजर आए। रेलवे प्रशासन ने दोनों स्थानों पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है और यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, सप्ताह के पहले दिन सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे विक्रोली और कांजुरमार्ग रेलवे स्टेशनों के बीच सिग्नल प्रणाली में तकनीकी खराबी आ गई। इसकी सूचना मिलते ही मध्य रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया। इसी बीच कुछ देर बाद मुलुंड और भांडुप स्टेशनों के बीच भी सिग्नल प्रणाली में खराबी आ गई, जिससे लोकल ट्रेनों का परिचालन और अधिक प्रभावित हो गया।
दो अलग-अलग स्थानों पर सिग्नल व्यवस्था बाधित होने का असर मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और ठाणे के बीच लोकल ट्रेन सेवाओं पर पड़ा। कई ट्रेनें बीच रास्ते में रुक गईं, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई। स्थिति को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने पांचवीं और छठी लाइन के जरिए भी ट्रेनों का संचालन व्यवस्थित करने के प्रयास शुरू किए।
मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने बताया कि तकनीकी खराबी दूर करने के लिए मरम्मत कार्य जारी है। वहीं, मध्य रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार, दोनों स्थानों पर तकनीकी टीमें सिग्नल प्रणाली को दुरुस्त करने में जुटी हैं। रेलवे प्रशासन ने जल्द से जल्द लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य करने का भरोसा दिलाते हुए यात्रियों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।






