मुंबई, 28 अक्टूबर । बॉम्बे उच्च न्यायालय में बुधवार को सुनवाई के दौरान एक महिला वकील ने अपने खिलाफ फैसला आने से नाराज होकर न्यायाधीश की ओर पर्स फेंकने की कोशिश की। हालांकि, अंतिम क्षण में उसने खुद को रोक लिया। घटना को गंभीरता से लेते हुए अदालत ने महिला वकील को पुलिस के हवाले कर दिया और उसके खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू की है। मामले की अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को होगी।
पुलिस के अनुसार, महिला वकील की पहचान मिंदर गुरमीत सिंह ठुकराल के रूप में हुई है। घटना न्यायमूर्ति माधव जामदार की अदालत में सुनवाई के दौरान हुई। बताया गया कि अपने खिलाफ फैसला सुनाए जाने से नाराज महिला वकील ने न्यायाधीश की ओर पर्स फेंकने का प्रयास किया, लेकिन अंतिम क्षण में अपना इरादा बदल दिया।
महिला वकील का यह व्यवहार न्यायाधीश के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को बुलाया और उसे अदालत कक्ष से बाहर ले जाने का निर्देश दिया। अदालत ने इस आचरण पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे न्यायालय की गरिमा के प्रतिकूल माना।
घटना के बाद महिला वकील ने अदालत के समक्ष लिखित माफी भी मांगी, लेकिन न्यायालय ने उसे स्वीकार नहीं किया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अवमानना की कार्यवाही आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।
सुनवाई के दौरान अदालत ने चेतावनी दी कि इस तरह के आचरण के लिए जेल की सजा भी हो सकती है। मामले की अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को निर्धारित की गई है, जिसमें अवमानना की कार्यवाही पर आगे विचार किया जाएगा।







