Breaking News

मुंबई एयरपोर्ट पर 955 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड के साथ महिला गिरफ्तार, बैंकॉक से लाई थी मादक पदार्थ


शहर 28 October 2026
post

मुंबई एयरपोर्ट पर 955 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड के साथ महिला गिरफ्तार, बैंकॉक से लाई थी मादक पदार्थ

मुंबई, 28 अक्टूबर। मुंबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने बैंकॉक से आई एक महिला यात्री के पास से 955 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान तमिलनाडु निवासी 39 वर्षीय सुधा वेलमुरुगन के रूप में हुई है। कस्टम विभाग ने महिला के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। मामले में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है।

मामले की जांच कर रहे कस्टम अधिकारी ने बुधवार को बताया कि विभाग को खुफिया सूचना मिली थी कि बैंकॉक से एक महिला यात्री मादक पदार्थ लेकर मुंबई पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर मंगलवार को कस्टम विभाग की टीम ने मुंबई एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी थी। बैंकॉक से आने वाली उड़ान के यात्रियों पर विशेष नजर रखी जा रही थी।

अधिकारी के अनुसार, बैंकॉक से मुंबई पहुंचने के बाद संदिग्ध महिला को एयरपोर्ट के अराइवल गेट के पास रोका गया। इसके बाद कस्टम अधिकारियों ने उसके सामान की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान सामान में छिपाकर रखे गए दो काले रंग के वैक्यूम-सील्ड प्लास्टिक बैग बरामद हुए। इन बैगों के भीतर पारदर्शी वैक्यूम-सील्ड पैकेट रखे गए थे।

कस्टम अधिकारियों ने जब पैकेट खोलकर उनकी जांच की तो उनमें हरे रंग का सूखा पदार्थ मिला, जिससे तेज गंध आ रही थी। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि पैकेट में हाइड्रोपोनिक वीड है। बरामद पदार्थ का कुल वजन 955 ग्राम पाया गया।

कस्टम अधिकारी ने बताया कि महिला से पूछताछ करने के साथ ही उसका बयान दर्ज किया गया है। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसने कम समय में आसानी से पैसा कमाने के लालच में मादक पदार्थ की तस्करी में हिस्सा लिया था। इसके बाद कस्टम विभाग ने एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।

कस्टम विभाग अब यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि महिला को बैंकॉक में मादक पदार्थ किसने उपलब्ध कराया था और मुंबई पहुंचने के बाद इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। इसके साथ ही इस तस्करी में किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता और अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है।

अधिकारी के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You might also like!


RAIPUR WEATHER