नई दिल्ली, 02 नवंबर । ग्लोबल मार्केट से साेमवार काे मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए थे, लेकिन हफ्ते के पहले कारोबारी दिन डाउ जोन्स फ्यूचर्स मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान कमजोरी का माहौल बना रहा, जहां सूचकांकों में गिरावट दर्ज की गई। वहीं एशियाई बाजार से आज राहत के संकेत मिल रहे हैं, जहां अधिकांश प्रमुख सूचकांक शानदार बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। फिलहाल एशिया के सिर्फ दो बाजार में ही मंदी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है।
शुक्रवार को अमेरिकी शेयरों में भारी गिरावट आई थी। इंटेल और अमेजॉन के निराशाजनक तिमाही नतीजों के बाद टेक कंपनियों से जुड़े नैस्डैक में 5 जून के बाद की सबसे बड़ी इंट्रा-डे गिरावट दर्ज की गई। इन नतीजों ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से जुड़ी कंपनियों द्वारा इस नई तकनीक पर किए जा रहे भारी खर्च को लेकर चिंताओं को और बढ़ा दिया, जिसके दबाव में अमेरिकी बाजार के सूचकांकों में मंदी आई। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 572.25 अंक यानी 1.09 प्रतिशत गिरकर 51,770.31 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, एसएंडपी 500 इंडेक्स ने 140.32 अंक यानी 1.82 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 7,580.07 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके साथ ही नैस्डैक कंपोजिट भी 747.73 अंक यानी 2.86 प्रतिशत की जबरदस्त कमजोरी के साथ 25,437 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
दूसरी ओर, आज सुबह डाउ जोन्स फ्यूचर्स फिलहाल 204.77 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 51,975.08 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। अमेरिकी बाजार में मंदी के बीच यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान कमजोरी देखने को मिली। जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स 221.47 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,818.21 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह फ्रांस के सीएसी इंडेक्स ने 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक सुस्ती के साथ 7,969.42 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं, ब्रिटेन का एफटीएसई इंडेक्स 10,729.78 अंक के स्तर पर बिना किसी बदलाव के सपाट बंद हुआ।
पिछले सत्र के दौरान अमेरिकी बाजार की भारी गिरावट के बावजूद एशियाई बाजार में आज सुबह शानदार रिकवरी और मजबूती का माहौल बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ प्रमुख बाजार में से सात के सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि सिर्फ दो सूचकांक कमजोरी के साथ लाल निशान में बने हुए हैं।
भारतीय बाजार के लिए शुरुआती संकेत देने वाले गिफ्ट निफ्टी में आज सुबह तेज उछाल का रुख नजर आ रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 247 अंक यानी 1.07 प्रतिशत की जोरदार मजबूती के साथ 23,333 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है, जो घरेलू बाजार के लिए अच्छे संकेत हैं। इसी तरह जापान का निक्केई 225 इंडेक्स भी आज बढ़त के साथ हरे निशान में पहुंचा हुआ है। फिलहाल यह सूचकांक 229.89 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की तेजी के साथ 63,520 अंक के स्तर पर बना हुआ है।
हॉन्गकॉन्ग के शेयर बाजार में भी आज तेजी का रुख बना हुआ है। यहां हैंगसेंग इंडेक्स आज फिलहाल 119.58 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,414.00 अंक के स्तर पर आ गया है। वहीं दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में आज जबरदस्त तेजी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है, जहां चौतरफा लिवाली के सपोर्ट से फिलहाल यह सूचकांक 128.44 अंक यानी 2.24 प्रतिशत की बड़ी छलांग लगा कर 5,859.18 अंक के स्तर पर आ गया है।
चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी आज हरे निशान में कारोबार कर रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 41.91 अंक यानी 1.16 प्रतिशत की मजबूती के साथ 3,640.93 अंक के स्तर पर बना हुआ है। इसी तरह थाईलैंड के सेट कंपोजिट इंडेक्स में आज मामूली सुधार नजर आ रहा है। यह सूचकांक 1.38 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,519.97 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा इंडोनेशिया स्टॉक एक्सचेंज में भी आज खरीदार एक्टिव नजर आ रहे हैं, जिसके कारण जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 31.15 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,088.20 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
दूसरी ओर, सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स आज मंदी की चपेट में काम करता नजर आ रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 73.84 अंक यानी 1.37 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 5,302.90 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। ताइवान स्टॉक एक्सचेंज में भी आज गिरावट का माहौल है, जिसके कारण मुनाफावसूली के दबाव में ताइवान वेटेड इंडेक्स 240.90 अंक यानी 0.53 प्रतिशत फिसल कर 44,970.93 अंक के स्तर पर बना हुआ है।







