Breaking News

उप्र : कुशीनगर में तिलक समारोह से लौट रहे परिवार की वैन ट्रेलर से टकराई, सात की मौत, दो गंभीर


देश 02 November 2026
post

उप्र : कुशीनगर में तिलक समारोह से लौट रहे परिवार की वैन ट्रेलर से टकराई, सात की मौत, दो गंभीर

कुशीनगर, 02 नवंबर । उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। हाटा कोतवाली क्षेत्र के हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरुआडीह के पास पेट्रोल पंप के नजदीक ओमनी वैन और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वैन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री ने कुशीनगर सड़क हादसे का लिया संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की। उन्हाेंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही, मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने को कहा है।

कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद अपने परिवार और परिचितों के साथ देवराज पिपरा में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। मांगलिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी लोग देर रात ओमनी वैन से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह के पास सामने से आ रहे ट्रेलर से वैन की जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

हादसे में कन्हैया प्रसाद, उनके पिता रामबेलास, राम मिलन और आयुष समेत सात लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे की खबर भलुही गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। जिस परिवार में मांगलिक कार्यक्रम की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER