Breaking News

मुंबई की घाटकोपर पुलिस ने फर्जी सब-इंस्पेक्टर को किया गिरफ्तार


शहर 28 November 2026
post

मुंबई की घाटकोपर पुलिस ने फर्जी सब-इंस्पेक्टर को किया गिरफ्तार

मुंबई, 28 नवंबर । मुंबई के घाटकोपर इलाके में फर्जी पुलिस सब-इंस्पेक्टर बनकर लोगों को गुमराह करने के आरोप में 33 वर्षीय व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित के मोबाइल फोन से पुलिस की वर्दी पहने हुए उसकी तस्वीरें, पहचान पत्र, पुलिस अधिकारियों के नाम वाली नेम प्लेट, पुलिस का लोगो और अन्य संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपित इन दस्तावेजों के सहारे खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों पर रौब जमाता और उनके साथ धोखाधड़ी करता था।

पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर की रात करीब 8:40 बजे पुलिस इंस्पेक्टर रीना लोहार अपनी टीम के साथ घाटकोपर पश्चिम के स्टेशन रोड इलाके में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी। पूछताछ के दौरान उसने खुद को वर्ष 2015 बैच का पुलिस सब-इंस्पेक्टर बताया।

हालांकि, पुलिसकर्मियों ने जब उससे उसकी पहचान और नियुक्ति से संबंधित जानकारी मांगी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उसके बयानों और व्यवहार पर संदेह होने के बाद पुलिस टीम उसे पूछताछ के लिए थाने ले आई।

जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन की पड़ताल में कई संदिग्ध तस्वीरें और दस्तावेज मिले। इनमें पुलिस सब-इंस्पेक्टर की वर्दी पहने हुए उसकी तस्वीरें, पहचान पत्र, पुलिस उपनिरीक्षक किरण विनोद देसाई के नाम की नेम प्लेट और पुलिस का लोगो लगा प्रशंसा पत्र शामिल हैं। पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान वैभव दीपक नारकर (33) के रूप में बताई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने खुद को पुलिस अधिकारी साबित करने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। वह मोबाइल में मौजूद वर्दी वाली तस्वीरों और अन्य दस्तावेजों के जरिए लोगों को प्रभावित करने की कोशिश करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने इस तरीके से कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और क्या किसी अन्य व्यक्ति की भी इस मामले में संलिप्तता है।

इस संबंध में घाटकोपर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2), 336(2) और 340(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER