Breaking News

परिसीमन विधेयक राष्ट्रविरोधी, पारित होने पर देश में पैदा होगा अराजकता का माहौल: हर्षवर्धन सपकाल


शहर 28 November 2026
post

परिसीमन विधेयक राष्ट्रविरोधी, पारित होने पर देश में पैदा होगा अराजकता का माहौल: हर्षवर्धन सपकाल

मुंबई, 28 नवंबर । महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध करते हुए इसे राष्ट्रविरोधी और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया है। उन्होंने आशंका जताई कि विधेयक पारित होने से देश में क्षेत्रीय असंतुलन बढ़ेगा और राजनीतिक तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस विधेयक का पहले से विरोध करती रही है और ईंडी गठबंधन के अन्य घटक दल भी इसके खिलाफ हैं।

मुंबई स्थित तिलक भवन में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए सपकाल ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिना पर्याप्त चर्चा के परिसीमन विधेयक पारित कराना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा परिसीमन के बाद जाति और धर्म के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन कर राजनीतिक लाभ उठाना चाहती है। इससे देश में जातीय और भाषाई तनाव बढ़ने की आशंका है।

सपकाल ने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन से उत्तर भारत के हिंदी भाषी राज्यों का राजनीतिक प्रभाव बढ़ सकता है, जबकि महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों का प्रतिनिधित्व कमजोर होने की आशंका है। उन्होंने दावा किया कि परिसीमन के बाद महाराष्ट्र में लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा 48 से बढ़कर 72 हो सकती है, लेकिन हिंदी भाषी राज्यों में सीटों की वृद्धि इससे अधिक होने की संभावना है। ऐसी स्थिति में संसद में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधित्व का संतुलन प्रभावित हो सकता है।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मौजूदा लोकसभा सीटों में से ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए। इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन को अनिवार्य शर्त नहीं बनाया जाना चाहिए।

सपकाल ने भाजपा पर विधेयक के समर्थन में राजनीतिक माहौल तैयार करने और विपक्षी दलों पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत देश की 140 करोड़ जनता है। केवल मंत्रियों और प्रखंडों की संख्या बढ़ाने से लोकतंत्र मजबूत नहीं होगा। इसके बजाय सत्ता का विकेंद्रीकरण किया जाना चाहिए और स्थानीय स्वशासन संस्थाओं को अधिक अधिकार दिए जाने चाहिए।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के संभावित रुख पर सपकाल ने कहा कि शरद पवार का राजनीतिक सफर छत्रपति शिवाजी महाराज, राजर्षि शाहू महाराज, महात्मा ज्योतिबा फुले और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों से प्रभावित रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शरद पवार भाजपा की राजनीतिक रणनीति का हिस्सा नहीं बनेंगे और उनकी पार्टी परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के बजाय इसके विरोध में मतदान करेगी।

सपकाल ने दोहराया कि परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस का रुख स्पष्ट है। इस मुद्दे पर ईंडी गठबंधन के घटक दलों के साथ लगातार संवाद और समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखने के लिए विधेयक का विरोध जारी रखेगी।

You might also like!


RAIPUR WEATHER