Breaking News

बिरयानी सेंटर के खुले बर्तन में पका चावल खाता दिखा चूहा, वीडियो वायरल


शहर 24 August 2026
post

बिरयानी सेंटर के खुले बर्तन में पका चावल खाता दिखा चूहा, वीडियो वायरल

मुंबई, 24 अगस्त। पालघर जिले के नालासोपारा पूर्व के वलाईपाड़ा इलाके के एक होटल का हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्राहकों को परोसने के लिए रखे खुले बर्तन पर एक चूहा घूमता और पका चावल खाता हुआ दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सामने आने के बाद होटल की स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो जम जम बिरयानी सेंटर का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, किसी ग्राहक ने होटल में यह दृश्य अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल होने लगा। लोगों का आरोप है कि खाद्य पदार्थों को ढककर और सुरक्षित तरीके से रखना होटल संचालकों की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद खुले में रखे भोजन तक चूहे का पहुंचना एक गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।चूहों के संपर्क में आने वाले खाद्य पदार्थों से संक्रमण और फूड पॉइजनिंग (खाद्य विषाक्तता) का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में नागरिकों ने वसई-विरार महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग और खाद्य एवं औषधि प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर संबंधित होटल के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि कार्रवाई केवल इसी होटल तक सीमित न रहे, बल्कि नालासोपारा क्षेत्र के अन्य होटलों की भी खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता जांच (फूड ऑडिट) कराई जाए। अब प्रशासन इस वायरल वीडियो के आधार पर क्या कदम उठाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER