जबलपुर, 09 जुलाई । मध्य प्रदेश का छठवां राज्य वित्त आयोग आज गुरुवार को जबलपुर प्रवास पर रहेगा। इस दौरान आयोग जिले के जनप्रतिनिधियों एवं संभाग के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थानीय निकायों की वित्तीय स्थिति और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेगा। बैठकों में आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, सदस्य के के सिंह एवं सदस्य सचिव वीरेंद्र कुमार शामिल होंगे।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, आयोग की सुबह 11.30 बजे से सर्किट हाउस में जबलपुर जिले के मंत्रीगण, सांसद, सभी विधायक, महापौर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ बैठक होगी। बैठक में नगरीय एवं पंचायती राज संस्थाओं की वित्तीय स्थिति पर सुझाव और चर्चा की जाएगी।
छठवें राज्य वित्त आयोग की दोपहर 2 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संभाग आयुक्त, जबलपुर संभाग के सभी कलेक्टर, संभाग के सभी जिला मुख्यालयों के नगर निगम आयुक्त अथवा नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के साथ बैठक होगी।







