Breaking News

महाराष्ट्र के पुणे और सातारा घाट में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट


शहर 09 July 2026
post

महाराष्ट्र के पुणे और सातारा घाट में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट

मुंबई, 09 जुलाई । भारत मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के पुणे और सातारा घाट क्षेत्र जिलों में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही मुंबई सहित कई जिलों में रुक-रुक कर तेज बारिश की संभावना जताई है। महाराष्ट्र आपातकालीन विभाग ने इस चेतावनी को देखते हुए संबंधित जिलाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है।

मौसम विभाग की दी गई जानकारी के मुताबिक कोंकण तट और घाट इलाके में बारिश की तेज़ी कम हुई है, लेकिन अभी भी कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। आज पुणे जिले के घाट इलाके और सतारा जिले के घाट इलाके में बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है। इसलिए इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा पालघर के घाट इलाके, ठाणे, मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, धुले, जलगांव, नासिक और कोल्हापुर जिले के घाट इलाके में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की उम्मीद है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से अलर्ट रहने की अपील की है। मध्य महाराष्ट्र और पूर्वी विदर्भ के कुछ जिलों में कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश का भी अनुमान है। कुछ इलाकों में बिजली कडक़ने के साथ बारिश हो सकती है, इसलिए किसानों और लोगों से ज़रूरी सावधानी बरतने की अपील की गई है।

पिछले दो दिनों से राज्य में हो रही भारी बारिश से आखिरकार कुछ राहत मिली है। कल रात से बारिश की तेज़ी कम होने से लोगों को कुछ सुकून मिला है। खासकर मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में बारिश की तेज़ी कम होने से रोज़मर्रा की जिंदगी सामान्य होने लगी है। पालघर जिले में पिछले एक सप्ताह से हो रही मूसलाधार बारिश ने राहत ली है। लेकिन बारिश की वजह से निचले इलाकों में जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है। जिन इलाकों में जल निकासी हो गई है, वहां नगर निगम की ओर साफ सफाई, दवाइयों का छिडक़ाव किया जा रहा है।

पालघर जिले की जिलाधिकारी डॉ. इंदूराणी जाखड़ ने गुरुवार को जिले के सभी स्कूलों में साफ सफाई और दवाइयों का छिडक़ाव किए जाने का अधिकारियों को निर्देश दिया है। साथ ही जिले में बारिश जन्य बीमारियों की रोकथाम तथा जल्द से जल्द लोगों को नागरी सुविधा उपलब्ध करवाने का भी निर्देश दिया है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER