भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य में हाल ही में कई समुद्री जहाजों पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है और कहा है कि इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि परवथानेनी हरीश ने कहा कि क्षेत्र में चल रहे संघर्ष में थोड़े समय के विराम के बाद, हमलों की चिंताजनक पुनरावृत्ति और शत्रुता में वृद्धि हुई है। श्री हरीश ने इस महीने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के दौरान जीएफएस गैलेक्सी, एमटी अल बहिया और एमटी मोम्बासा सहित कई जहाजों पर हुए हमलों की भारत की ओर से कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों के माध्यम से निर्बाध नौवहन और व्यापार को बहाल किया जाना चाहिए।







