Breaking News

वसई-विरार महानगरपालिका के प्रभाग क्रमांक 16 में लगे 'नगरसेवक को देखा क्या?' के बैनर


शहर 29 July 2026
post

वसई-विरार महानगरपालिका के प्रभाग क्रमांक 16 में लगे 'नगरसेवक को देखा क्या?' के बैनर

मुंबई, 29 जुलाई,। वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीएमसी) क्षेत्र के प्रभाग क्रमांक 16 में स्थानीय नागरिकों का गुस्सा अब सड़कों पर बैनरों के रूप में फूट पड़ा है। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के अभाव और जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से तंग आकर नागरिकों ने एक अनोखा विरोध प्रदर्शन शुरू किया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रभाग 16 में एक पोल पर भगवा रंग का एक बैनर लगाया गया है, जिस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चुनाव चिह्न 'कमल' छपा है। इस बैनर पर मराठी में बड़े अक्षरों में लिखा है- 'प्रभाग क्रमांक १६ मधील नगरसेवक यांना पाहिलेत काय???' यानी 'प्रभाग क्रमांक 16 के नगरसेवक को देखा क्या???'

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पूरा क्षेत्र इस समय गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। इलाके में आए दिन बिजली और पानी की भारी कटौती की जा रही है। मानसून और प्रशासनिक लापरवाही के कारण सड़कें पूरी तरह खराब हो चुकी हैं, जिससे हर वक्त ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके अलावा, सड़कों और फुटपाथों पर अवैध फेरीवालों के बढ़ते अतिक्रमण ने पैदल चलने वालों और वाहन चालकों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

नागरिकों का कहना है कि इन सभी समस्याओं के कारण जनता का जीना दूभर हो गया है, लेकिन उनकी शिकायतें सुनने के लिए कोई भी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि या नगरसेवक उपलब्ध नहीं है। चुनाव के समय वोट मांगने आने वाले नेता अब जमीनी समस्याओं से पूरी तरह गायब हैं। इसी प्रशासनिक उदासीनता और नेताओं की अनुपस्थिति पर तंज कसने के लिए नागरिकों ने यह बैनर लगाया है। सोशल मीडिया पर लोग इस तस्वीर को शेयर कर वसई-विरार महानगरपालिका और स्थानीय नेताओं की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठा रहे हैं।

इस बैनर को लेकर पार्टी के स्थानीय नेताओं का कहना है कि हमारे नगरसेवक जनता से जुड़े हैं। लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और समस्याओं के समाधान का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। यह बैनर जनता ने नहीं, राजनीतिक द्वेष के चलते लगाया गया है। वहीं इस प्रभाग की कई सोसाइटियों की शिकायत है कि नगरसेवकों ने चुनाव के पहले जो वादे हमसे किए थे, उसे पूरा करने में फेल साबित हुए हैं। फिलहाल यह बैनर चर्चा का विषय बना हुआ है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER