Breaking News

न्यायमूर्ति अल्पेश कोगजे ने ली मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ


देश 10 September 2026
post

न्यायमूर्ति अल्पेश कोगजे ने ली मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ

भोपाल, 10 सितंबर । न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे ने गुरुवार को यहां लोकभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित एक सादे समारोह में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के 30वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने उनको शपथ दिलाई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहे। राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री यादव ने शपथ ग्रहण के बाद नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश कोगजे को पुष्प-गुच्छ भेंट कर बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने शपथ ग्रहण समारोह का संचालन किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोगजे को नियुक्त किए जाने की अधिसूचना का वाचन किया। समारोह का प्रारंभ और समापन राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् तथा राष्ट्रगान जन-गण-मन के गायन के साथ हुआ।

शपथ ग्रहण के साथ ही मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय को करीब तीन महीने बाद स्थायी मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। इससे पहले न्यायमूर्ति विवेक रुसिया कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

शपथ ग्रहण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, उप मुख्यमंत्री द्वय जगदीश देवड़ा और राजेन्द्र शुक्ल, कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, महापौर मालती राय, मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह, पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, न्यायमूर्ति जी.एस. अहलूवालिया, न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर, न्यायमूर्ति संदीप एन. भट्ट, न्यायमूर्ति विनय सराफ, न्यायमूर्ति रमेश फड़के, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह, अपर मुख्य सचिव डॉ. शिवशेखर शुक्ला और संजय शुक्ल, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, विधायक, सांसद मध्य प्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश राज्य के उच्च न्यायालयों के न्यायमूर्तिगण, वरिष्ठ प्रशासनिक, न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और आयोगों के पदाधिकारी मौजूद थे।

गौरतलब है कि न्यायमूर्ति कोगजे इससे पहले गुजरात उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उच्चतम न्यायालय की कॉलेजियम ने 31 अगस्त 2026 को उनके नाम की सिफारिश की थी, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मंजूरी के बाद केंद्र सरकार ने 5 सितंबर 2026 को अधिसूचित कर दिया था। शपथ ग्रहण के बाद न्यायमूर्ति कोगजे भोपाल से जबलपुर पहुंचेंगे। वे 11 सितंबर को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER