मुंबई, 29 अक्टूबर । मुंबई महानगरपालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों को 33 हजार रुपये दिवाली बोनस मिलेगा। इस बारे में मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने घोषणा की है। इस राशि का भुगतान नवंबर महीने के नियमित वेतन के साथ किया जाएगा।
महापौर कक्ष में बुधवार को कर्मचारियों के दिवाली बोनस को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। इसमें उपमहापौर संजय घाड़ी, विपक्ष की नेता किशोरी पेडणेकर, सदन के नेता गणेश खणकर सहित संबंधित नेता, अधिकारी और कर्मचारी संगठनों की समन्वय समिति के पदाधिकारी मौजूद थे। महापौर रितू तावड़े ने कहा कि इस वर्ष कम बारिश के कारण महाराष्ट्र के कई हिस्सों में सूखे जैसी स्थिति है। राज्य सरकार ने निर्धारित मानदंडों के तहत 304 तहसीलों में सूखा घोषित कर विभिन्न उपाय शुरू किए हैं।
राज्य की आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मनपा प्रशासन, राजनीतिक प्रतिनिधियों और कर्मचारी संगठनों ने सर्वसम्मति से 33 हजार रुपये का सानुग्रह अनुदान देने का निर्णय लिया है।







